भारत में मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से 14वां इंडियन फिशरीज एंड एक्वाकल्चर फोरम (14IFAF) ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित ICAR-केंद्रीय मीठाजल जलीय कृषि संस्थान (ICAR-CIFA) में आयोजित किया जा रहा है। 18 से 20 नवंबर तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत सहित छह अन्य देशों के 1,000 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
सम्मेलन का आयोजन एशियन फिशरीज सोसाइटी, इंडियन ब्रांच (AFSIB), ICAR-CIFA, केंद्र सरकार के मत्स्य पालन विभाग, राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड (NFDB), ओडिशा सरकार के मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विकास विभाग और एसोसिएशन ऑफ एक्वाकल्चरिस्ट्स के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।
AI और आधुनिक मछली पालन तकनीक पर चर्चा
इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘Transforming Aquaculture and Fisheries: Bridging Science and Society’ रखी गई है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), जीनोम एडिटिंग, प्रिसिजन एक्वाकल्चर, उन्नत मछली प्रजनन तकनीक, मछली के आहार विकास, जलीय जीवों के स्वास्थ्य और आनुवंशिक सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। इसके अलावा जलीय पारिस्थितिकी संरक्षण और टिकाऊ मत्स्य प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श हो रहा है।
मछली पालकों के लिए क्यों महत्वपूर्ण है सम्मेलन?
सम्मेलन के साथ 20 एजेंसियों की प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है, जिसमें मत्स्य पालन और जलीय कृषि से संबंधित तकनीक, उत्पाद, नवाचार और सेवाएं प्रदर्शित की जा रही हैं।
इस आयोजन से मछली पालकों को वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ संवाद करने का अवसर मिल रहा है। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य वैज्ञानिक अनुसंधान को व्यावहारिक समाधानों में बदलना और आधुनिक तकनीकों को मत्स्य पालन क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए सहयोग बढ़ाना है।



